सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में मादा बाघ शावक का शव।
- फोटो : अमर उजाला
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में एक मादा बाघ शावक का शव मिला है। जानकारी के अनुसार गश्ती दल को एसटीआर के अंतर्गत पूर्व पचमढ़ी परिक्षेत्र के नया खेड़ा बीट में बाघ शावक का शव नजर आया था। सूचना मिलते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सभी वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की तलाशी की। आसपास खोज करने पर लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर उसकी मां की भी उपस्थिति दर्ज की गई।
क्षेत्र संचालक तथा उप संचालक की उपस्थिति में वन्यप्राणी चिकित्सकों द्वारा मादा बाघ शावक का पोस्टमार्टम NTCA के प्रोटोकॉल अनुसार किया गया। पीएम रिपोर्ट में मादा बाघ शावक के गले, चेहरे, पीठ पर जगह-जगह चोट के निशान पाए गए हैं तथा पसलियां व रीढ़ की हड्डी टूटी पाई गई है। जिसके बाद मादा शावक के शव को सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जला दिया गया, जिसमें एनटीसीए तथा डब्लू.सी.टी. के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। क्षेत्र संचालक एल. कृष्णमूर्ति ने बताया कि प्रथम दृष्टया चोटों के निशान देखकर प्रतीत होता है कि किसी अन्य बाघ ने बाघिन के बच्चे को मार दिया होगा। फिलहाल प्रयोगशाला परीक्षण हेतु पोस्टमार्टम के दौरान बाघ के अवयवों को एकत्रित कर लिया गया है।