मध्य प्रदेश: प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की आशंका
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में बुधवार का दिन ठंडक भरा रहा। धूप निकलने के बावजूद दिन में भी लोगों को हल्की ठंड का अहसास होता रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के अनुसार बुधवार को दिन का तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि मंगलवार के तापमान से 2.2 डिग्री कम था मंगलवार को तापमान 29.7 डिग्री दर्ज किया गया था। दोपहर के वक्त तेज धूप के कारण तापमान में सिर्फ 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। दोपहर को 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं का दौर शाम तक जारी रहा। शाम के समय 18 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
बुधवार सुबह 11:30 बजे पारा 25 डिग्री दर्ज किया गया जो कि दोपहर 2:30 बजे सिर्फ 27 डिग्री तक पहुंच सका। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश से गुजरने वाली एक ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। राजस्थान के उत्तर पूर्वी हिस्से से लेकर उत्तरी कर्नाटक के अंदरूनी हिस्से में बना ट्रफ प्रदेश के मौसम में बदलाव का कारण है वहीं, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने भी प्रदेश में ठंडक बढ़ा दी है।
बुधवार रात को तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने आज रात से तापमान में गिरावट होने की आशंका जताई है। जिसके चलते शुक्रवार से रात में ठंड और बढ़ सकती है। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बने तीन वेदर सिस्टम के कारण जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में मंगलवार-बुधवार को बारिश भी हुई। वहीं बादल छाए रहने की वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश के छत्तीसगढ़ सीमा से लगे हिस्सों में बारिश की आशंका जताई है।