मध्यप्रदेश में आज से लोगों को ठंड से रहात मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। प्रदेश में अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के मौसम में ठंड कुछ कम होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 17 फरवरी 2022 की रात से प्रभावित होने की संभावना है। प्रदेश में सर्दी अब लगभग समाप्त होने वाली है। शीत एवं ग्रीष्म ऋतु संक्रमण काल की ओर बढ़ रही है।
मौसम विज्ञानियों ने अगले दो-तीन दिनों तक हवाओं के साथ नमी आने के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल छाने की संभावना जताई है। साथ ही जबलपुर, शहडोल, रीवा संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। 17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है, जिसका असर पूरे प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा और प्रदेश का मौसम खराब होने की आशंका जताई जा रही है। गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
सोमवार के तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम तापमान खजुराहो में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 14.0 और अधिकतम 28.3 डिग्री, इंदौर में न्यूनतम 14.5 और अधिकतम 28.8, ग्वालियर में न्यूनतम 8.0 और अधिकतम 27.2 और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 11.9 और अधिकतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।