मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं ने मौसम के मिजाज को बदल दिया है। उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के चलने से राजधानी भोपाल में ठंड बढ़ गई है, जिससे तापमान एक डिग्री तक गिर गया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। उत्तर भारत में बुधवार को अधिक तीव्रता वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। इस सिस्टम से प्रदेश के तापमान पर भी असर पड़ेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश से प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी के आसार व्यक्त किए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है, जो कि सोमवार की तुलना में एक डिग्री कम रहा। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री दर्ज किया गया था।
रविवार रात से तेज रफ्तार से उत्तरी हवाएं चलने के कारण वातावरण में सिहरन बढ़ी हुई है। मंगलवार को भी सुबह से औसत 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही हैं।तेज हवाओं के चलने से वातावरण में ठंड का अहसास हो रहा है। उत्तर भारत में प्रवेश करने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर एक दो दिन देखने को मिलेगा, वहीं बुधवार के बाद से तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मंगलवार को दृश्यता 5000 मीटर थी। शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 109 दर्ज किया गया।
हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में सागर, ग्वालियर,चंबल और रीवा संभाग में रहेगा, जिसके चलते बुधवार-गुरुवार को हल्की बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सो में बादल छाने की आंशका भी व्यक्त की जा रही है। एक सप्ताह तक प्रदेश के तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा।