मध्य प्रदेश विधानसभा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र के पहले दिन की कार्यवाही नए विधायकों की शपथ और दिवंगतों को श्रद्धांजलि के बाद स्थगित कर दी गई। अब सदन की बैठक 21 दिसंबर को सुबह 11 बजे होगी। इससे पहले विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय हुआ कि सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से हर्जाना वसूलने वाले कानून को इसी सत्र में पेश किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन की कार्यवाही शुरू होने पर नए विधायकों को शपथ के लिए बुलाया। रैगांव विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कल्पना वर्मा, जोबट (आलीराजपुर) से सुलोचना रावत और पृथ्वीपुर के विधायक शिशुपाल सिंह यादव को शपथ दिलाई गई। इससे पहले सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में भाग लिया। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में सरकार के प्रवक्ता और गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि सरकार किसी भी मुद्दे को चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इसी सत्र में सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से हर्जाना वसूलने वाला विधेयक पेश कर रही है। पिछले हफ्ते विधेयक को राज्य कैबिनेट ने मंजूर किया था। इसके तहत संपत्ति को हुए नुकसान पर हर्जाना वसूलने के लिए प्रक्रिया तय की गई है।