मध्यप्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार को हुए बस हादसे में मरने वालों की संख्या 51 हो गई है। जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार चौधरी ने बुधवार को बताया, बुधवार को नहर से महिला और छह महीने की बच्ची समेत चार के शव मिले हैं। मंगलवार को 20 महिलाओं और दो बच्चे समेत 47 लोगों के शव निकाले जा चुके थे, जबकि सात लोगों को बचा लिया गया था।
सीधी की एएसपी अंजूलता पटेल ने बताया, मंगलवार रात बचाव अभियान को रोकना पड़ा था, जिसे बुधवार सुबह फिर शुरू किया गया। एक शव हादसे वाली जगह से 10 किलोमीटर दूर गोविंदगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र की सीमा में मिला। सीधी से रीवा के बीच करीब 25 किलोमीटर के दायरे में बचाव अभियान चालू है। करीब पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत पांच जिलों से करीब 600 लोग मंगलवार सुबह से बचाव अभियान में जुटे हैं। मंगलवार को सतना से सीधी जा रही बस पटना गांव के निकट नहर में गिर गई थी। हादसे के बाद फरार हुए बस ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को भोपाल से सीधी पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा, यह बेहद दर्दनाक घटना है। मैं मंगलवार को ही मौके पर पहुंचना चाहता था और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करना चाहता था, लेकिन इससे बचाव अभियान पर असर पड़ता।