राजेश अवस्थी तीन लोगों को जीवनदान दे गए।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजधानी में अंगदान का बहुत मार्मिक मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने कलेजे पर पत्थर रख कर ब्रेन डेड पति के अंगदान का फैसला लिया और तीन लोगों को जीवनदान दे दिया। दिवंगत राजेश अवस्थी के ब्रेड डेड होने के बाद एक लीवर और दो किडनी अलग-अलग मरीजों को प्रत्यारोपित की गईं। बता दें, 53 वर्षीय राजेश अवस्थी 24 नवंबर को दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनको परिजनों ने बंसल अस्पताल में भर्ती कराया था। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। सिर में घाव से उनको ब्रेन हैमरेज भी हो गया था। न्यूरो सर्जन और अधिकृत विशेषज्ञ समेत चार डॉक्टरों की ब्रेन डेथ सर्टिफिकेट कमेटी ने क्लिनिकल जांच और एपनिया परीक्षण समेत मेडिकल जांच करके उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया था।
परिवार ने स्वेच्छा से दी अंगदान की सहमति
डॉक्टरों ने उनकी पत्नी सुषमा अवस्थी और परिजनों को उनकी स्थिति के बारे में समझाया। ब्रेन डेड होने के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने स्वेच्छा से अंगदान की सहमति दी। फिर अंगदान की प्रक्रिया शुरू की गई। इस प्रक्रिया में मरीज की किडनी और लिवर दान करने योग्य पाए गए। इसकी जानकारी स्टेट ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन को दी। इसके बाद लिवर बंसल अस्पताल में भर्ती मरीज को और दोनों किडनी भोपाल के ही दो निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दी गईं।
पुलिस बैंड ने दी विदाई, परिवार का सम्मान
अस्पताल से राजेश अवस्थी के पार्थिव शरीर की पूरे सम्मान के साथ पुलिस बैंड द्वारा अंतिम यात्रा निकाल कर विदाई दी गई। अस्पताल के कॉरिडोर को पुष्प से सजाया गया। इस दौरान अस्पताल की तरफ से अंगदान करने का निर्णय लेने वाले परिवार का भी सम्मान किया गया।