मध्यप्रदेश के मैहर जिले में लगातार चोरी की वारदात बढ़ रही है। शुक्रवार रात चोरों ने घुनवारा में चार ज्वेलरी शॉप सहित तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। ये अज्ञात चोर लाखों की नकदी और सामान चुराने में कामयाब रहे। चोरों ने एक ही रात में एक गांव में सात जगह सेंधमारी कर चोरी करने की घटना को अंजाम दिया है। वहीं, शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।
अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा ग्राम में चार ज्वेलरी दुकानों सहित तीन घरों पर शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घुनवारा के पंकज ज्वेलर्स, सुरेश ज्वेलर्स और शुभम ज्वेलर्स सहित चार अन्य दुकान व मकान से लाखों का माल पार कर दिया। चोरी की जानकारी पीड़ितों को शनिवार सुबह करीब छह बजे हुई, जिसके बाद पीड़ित और परिजन थाने पहुंचे और आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिकायत मिलने के बाद सीएसपी राजीव पाठक ने ग्राम घुनवारा पहुंचकर चोरी का जायजा लिया है। हालांकि, अब तक कुल चोरी गई सामग्री और रकम का आकलन नहीं हो सका है।पुलिस जांच में जुटी हुई है।
दलबल के साथ लिया जायजा
घटना की जानकारी लगते ही नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक थाना प्रभारी अमदरा के स्टाफ के साथ चोरी वाले घरों और दुकानों पर पहुंचे। जहां पहुंचकर जायजा लिया, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर चोरों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही जल्द चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया।
बीते दिनों मंदिर और पुलिस वाले के घर में हुई थी चोरी
मैहर में दिन प्रतिदिन चोरी के वारदात बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन चोरी की नई-नई घटनाएं हो रही हैं। बीते दिनों मैहर के मंदिर और न्यायालय में तैनात एक पुलिस कर्मी के घर में भी चोरों ने हाथ साफ किया था। इस वारदात में मंदिर से पूजा सामग्री और पुलिसकर्मी के घर से नकदी सहित घरेलू सामग्री को इन अज्ञात चोरों ने पार किया था। हालांकि, पुलिस अब तक इन चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। वहीं, आज फिर सात चोरी ने पुलिस की नींद उड़ा कर रख दी है।
इनका कहना है
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए तीन टीमें गठित की हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। साथ ही मुखबिर नेटवर्क को भी सक्रिय किया गया है। हालांकि, अभी तक चोरी गई संपत्ति का सटीक आकलन नहीं हो पाया है।