कमलनाथ ने पीएम के प्रदेश दौरे पर उठाए सवाल
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पीसीसी में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश का सबसे कुपोषित जिला श्योपुर है। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री कुपोषण की चिंता किए बिना नेशनल पार्क में चीते छोड़ने जा रहे हैं, यह तो 2 महीने बाद भी हो सकता था। सरकार को इवेंट करने से पहले कुपोषण दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।
बता दें 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। यहां पर प्रधानमंत्री कूनो पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में नामीबिया से लाए जा रहे चीतों को बाड़े में छोड़ेंगे। इसके अलावा वे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे।
जयस का डीएनए कांग्रेस का
जयस के चुनाव लड़ने के ऐलान पर कमलनाथ ने कहा कि जयस का डीएनए कांग्रेस का है। जहां भी आदिवासी जिताऊ कैंडिडेट होंगे, वहां टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जयस को समझना चाहिए कि, जयस संगठन भी कई धड़ों में बटा हुआ है।
जिताऊ कैंडिडेट को टिकट देंगे
सिंधी समाज के कैंडिडेट को टिकट देने पर कमलनाथ ने कहा कि हर एक समाज को न्याय मिलना चाहिए। पिछली बार भी हमने सिंधी समाज के कैंडिडेट को टिकट दिया था। हर एक समाज के जिताऊ कैंडिडेट को टिकट दिए जाएंगे।