मीनाक्षी क्षत्रिय जबलपुर के रहने वाली हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
नि-क्षय मित्र बनी मीनाक्षी के इस बेमिसाल योगदान को सम्मानित करते हुए कलेक्टर अवि प्रसाद ने मीनाक्षी को कटनी जिले में नि-क्षय मित्र एवं नि-क्षय पोषण का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। अपने अनूठे जनहितैषी संकल्प से छोटी उम्र में ही बड़ी और अनुकरणीय पहल करने वाली मीनाक्षी को जिला रेडक्रॉस समिति की सबसे कम उम्र में आजीवन सदस्य बनने का गौरव हासिल हो गया है। मीनाक्षी ने एक टीबी रोगी को लगातार 6 माह तक पौष्टिक आहार देने 4200 रुपये की सहयोग राशि जिला रेडक्रॉस समिति को प्रदान की है। मीनाक्षी के इस कार्य को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर सराहा और बधाई दी।

मनसुख मांडविया ने कहा है कि दयालुता का हर कार्य किसी के जीवन को बदलने में मदद कर सकता है। मध्य प्रदेश की 13 वर्षीय मीनाक्षी क्षत्रिय को नि-क्षय मित्र के रूप में नामांकित करने और अपनी बचत से टीबी रोगियों की देखभाल करने के लिए बड़ा सलाम। यह नेक और शक्तिशाली भाव बहुतों को प्रेरित करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मांडविया के ट्वीट पर रिप्लाय करते हुए कहा है कि उल्लेखनीय इशारा, जो टीबी मुक्त भारत को प्राप्त करने की दिशा में प्रयासों को बढ़ावा देगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेटी मीनाक्षी आपकी यह पवित्र भावना अमूल्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अपील पर आपने जो सेवा और सहयोग का यह कदम उठाया है, उस पुण्य भाव का मैं अभिनंदन करता हूं। नि:संदेह, आपकी संवेदनशीलता दूसरों के मन में भी सेवा और सहयोग के पुण्य भाव के दीप को प्रज्वलित करेगी।