मंदसौर पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्पप्रदेश में शराब की तस्करी के नए तरीके सामने आते रहते हैं, ऐसा ही मामला मंदसौर से सामने आया है। यहां शराब के कार्टन पर दवा के स्टीकर लगाकर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश हो रही थी। पुलिस ने कार्रवाई कर 581 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। भीलवाड़ा के दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त सामान की कीमत एक करोड़ से ज्यादा आंकी जा रही है।
मप्र में चुनावी आचार संहिता के चलते पुलिस काफी मुस्तैदी से काम कर रही है। मंदसौर जिले की दलौदा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर नाकेबंदी करते हुए एक ट्रक कंटेनर क्रमांक RJ 14 GL 1819 को रोका गया, जिसमें शराब की सूचना थी। कंटेनर में रखे कार्टन पर दवाई का ब्रांड लगाया हुआ था।
मुखबिर ने बताया कि इन बक्सों में शराब भरी हुई है। एसपी अनुराग सुजानिया के मुताबिक 581 पेटियों में सवा पांच हजार बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। मप्र में इसकी कीमत 60 लाख से ज्यादा है। बरामद ट्रक व शराब की कीमत एक करोड़ से ज्यादा आंकी गई है। इस मामले में राजस्थान भीलवाड़ा निवासी शंभूसिंह पिता नानू सिंह राजपूत तथा रामप्रसाद पिता नानूराम खटीक को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने कहा है कि यह शराब पंजाब से आ रही थी।