दमोह जिले से होकर गुजरने वाले दमोह-जबलपुर मार्ग पर जबेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलहरी कालोनी के समीप शुक्रवार दोपहर हरियाणा निवासी एक ट्रक चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर आत्महत्या कर लिया। घटना के समय ट्रक चालक अकेला था। स्थानीय लोगों ने शव को पेड़ से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर जबेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। जबेरा थाना के एसआई सियाराम सिंह ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों के द्वारा सूचना मिली थी कि जलहरी कालोनी के समीप एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा है और उसके चालक ने पेड़ से फंदा लगाकर फांसी लगा ली है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त हरियाणा निवासी रजनी सिंह के रूप में हुई है। परिजनों से फोन पर बात कर उन्हें घटना की जानकारी दी और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।