जेसीबी के सामने महिलाएं अजीब हरकत करने लगीं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के श्योपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक निजी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर अतिक्रमणकारी महिलाओं ने पथराव कर दिया। इसके बाद राजस्व और पुलिस अमले को जेसीबी लेकर मौके से भागना पड़ा। महिला अतिक्रमणकारियों द्वारा अजीब तरीके का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने प्रशासन और पुलिस की टीम को हैरान कर दिया।
बता दें कि श्योपुर जिले के वीरपुर तहसील की ग्राम पंचायत बड़ागांव में भूमि सर्वे क्रमांक 710 निजी भूमि है। इस पर गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। इसकी शिकायत मिलने पर बुधवार को तहसीलदार सिद्धार्थ गौतम के नेतृत्व में राजस्व टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। जैसी कब्जाधारियों को इस बात की भनक लगी कि टीम अतिक्रमण हटाने आ रही है तो महिलाएं हाथों में पत्थर लेकर जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं। टीम ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं सुनने को राजी नहीं हुईं और खुद के सिर में पत्थर मारने को तैयार हो गईं। खास बात ये है कि राजस्व टीम निजी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी, इस दौरान टीम को कब्जाधारियों का काफी विरोध झेलना पड़ा। इसकी वजह ये भी है कि राजस्व अमले के साथ महिला पुलिस बल पर्याप्त संख्या में नहीं था।
अजीब प्रदर्शन देख टीम भी चौंकी
इस प्रदर्शन और पथराव के वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। मामला वीरपुर तहसील मुख्यालय से सटे हुए बड़ागांव का है। शिकायत के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से जैसे ही अतिक्रमण हटाना शुरू किया वैसे ही अतिक्रमण कारियों ने महिलाओं को आगे कर दिया और महिलाओं ने पहले अजीबो गरीब प्रदर्शन किया। दो महिलाएं सिर को घुमाने और उछलकूद करने लगीं। तभी 7 से 8 और महिलाएं वहां आ गईं जिनमें से एक महिला ने अपने कपड़े राजस्व और पुलिस अमले पर फेंक दिए। अन्य महिलाएं भी हावी होने लग गईं। जिन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद राजस्व और पुलिस अमले को वहां से भागकर वापस आना पड़ा। खास बात यह है कि इस जमीन से अतिक्रमण हटाने की कोशिश 2 से 3 बार हो चुकी है लेकिन, हर बार अतिक्रमण कारी पुलिस और प्रशासन की टीमों पर हावी हो जाते हैं और उन्हें लौटकर वापस आना पड़ता है।