गोदाम मे भर घटिया क्वालिटी का चावल भरने पर कार्रवाई
- फोटो : सोशल मीडिया
नागरिक आपूर्ति निगम में धान मिलिंग प्रोसेस में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। मंडला जिले के जिला प्रबंधक और तीन गोदाम मैनेजर को सस्पेंड किया गया है। मंडला गोदाम केंद्र मैनेजर, मनेरी गोदाम मैनेजर और बिछिया गोदाम मैनेजर ने करीब 1800 मीट्रिक टन घटिया क्वालिटी का चावल गोदाम में भर लिया। जबकि सरकारी खरीदी में दान की क्वालिटी अच्छी थी। यह गड़बड़ी धान की मिलिंग प्रोसेस में मिलर्स के साथ मिल कर की गई। इसमें जिला प्रबंधक केएल शर्मा को भी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाने का दोषी मानकर कार्रवाई की गई है। इन चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।
दूसरे जिलों में भी मिली शिकायत
नागरिक आपूर्ति निगम को धान मिलिंग प्रोसेस में दूसरे जिलों के गोदाम में भी मिलर्स के साथ मिलकर गड़बड़ी करने की शिकायत मिली है। इसमें जबलपुर, नरसिंहपुर और कटनी जिले शामिल हैं। यहां पर भी गोदामों में भरे चावल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। बता दें यह चावल गरीबों को राशन की दुकान के माध्यम ये बांटा जाना है।
मिलर्स पर भी होगी कार्रवाई
नागरिक आपूर्ति निगम के एमडी तरुण पिथोड़े ने बताया कि मंडला में डीएम और तीन गोदाम मैनेजर को सस्पेंड किया है। दूसरे जिलों में भी शिकायत मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। इसमें दोषी मिलर्स पर भी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा।