सतना जिले में हुए वृद्ध हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के सतना जिले में तीन दिन पहले मिले वृद्ध के शव की गुत्थी सुलझ गई है। मामले में उसकी बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसी ने ससुर की पीट-पीटकर हत्या की थी और घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की थी। ससुर की गलत नीयत से परेशान होकर उसने घटना को अंजाम दिया था।
जानकारी के मुताबि्क 3 जून की सुबह ग्राम सेमरी थाना कोटर में एक वृद्ध का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। उसकी पहचान चन्द्रभान द्विवेदी (करीब 65 वर्षीय) के रूप में की गई। पुलिस ने जांच में पाया कि वृद्ध के सिर,चेहरे एवं दाहिने हाथ की नाड़ी मे चोटें थीं, काफी खून निकल चुका था। घटनास्थल की काफी चीजें संदेहास्पद थीं जैसे कोई भी वस्तु अस्त व्यस्त नहीं थी। घटनास्थल पर मौजूद एक पेटी के ताले को खोला गया था. जिसकी चाबी वृद्ध के जनेऊ मे बंधी होती थी। पहली नजर में ही पुलिस को लग रहा था कि घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने देखा कि घटना स्थल के आस पास खून के छींटे दीवार व पास में रखी अनाज की बोरियों में लगे तथा बिस्तर खून से लथपथ था। मृतक जहां सोता था, उससे 20 फीट की दूरी पर मृतक की छोटी बहू नेहा पति मनीष द्विवेदी (26 वर्ष निवासी ग्राम सेमरी थाना कोटर) अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ सोई हुई थी, जिसने बताया था कि उसके कमरे में कूलर चल रहा था, उसने कोई आवाज नहीं सुनी। जब सुबह 05.30 बजे बिस्तर से उठकरओसारी में अपने ससुर के बिस्तर के पास पहुंची तो घटना का पता चला। घटना स्थल के निरीक्षण पर यह भी पाया गया कि छोटी बहू के दरवाजे के पर्दे पर जो घटनास्थल से 12 फीट पर लगा है उस पर भी खून का एक बड़ा धब्बा लगा था। इसके अलावा नेहा ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया गया था कि चोरों द्वारा इस पेटी के अंदर से चालीस हजार रुपये चुराए गए हैं।
पुलिस ने बहू नेहा से शक के आधार पर पूछताछ की। जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया। नेहा ने बताया कि मेरा ससुर मेरे प्रति गलत निगाह रखता था, जिससे मै काफी परेशान रहती थी तथा मर्यादा के कारण यह बात मैं किसी से बताई नहीं थी। घटना वाली रात भी उसने मेरे साथ जबरदस्ती की कोशिश की थी। इसी से बचने में उसने लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर ससुर के सिर में मार दिया और तब तक मारती रही, जब तक उसकी मृत्यु नहीं हो गई। पुलिस को गुमराह करने के लिए सबुत मिटाए और पेटी का ताला खोलकर चोरी का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया और बहू को गिरफ्तार कर लिया।