दमोह में नवजात शिशु को उसकी मां ने फेंक दिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
कहा जाता है कि पूत कपूत हो सकता है लेकिन माता कुमाता नहीं हो सकती। दमोह जिले के रजपुरा थाना अंतर्गत एक कलयुगी माता का ऐसा रूप भी देखने मिला है जिसने अपने पांच दिन के नवजात शिशु को गिट्टी के क्रशर प्लांट के पास फेंका और चली गई। नवजात पर चीटियां लग गई थी और उसे काट रही थी। मंगलवार को सुबह लोगों ने जब इस नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनी तो वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वंदना रैकवार की मदद से नवजात शिशु को इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल में लाया गया। वहां एसएनसीयू वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
रजपुरा थाना के बरी कनौरा गांव में एक गिट्टी का क्रशर प्लांट है। यह पिछले काफी समय से बंद पड़ा हुआ है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे यहां नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें कपड़ों में लिपटा एक नवजात दिखाई दिया। उसके ऊपर चीटियां भी चल रही थी। बच्चे को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल ही गांव की महिलाओं को भी सूचित किया। महिलाओं ने बच्चे को साफ कपड़े में उठाया और उसे साफ किया। इसके बाद रजपुरा थाना पुलिस को सूचित किया। उक्त स्थान रजपुरा और मगरोन थाना के बीच में आ रहा है इसलिए दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस नवजात शिशु को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची और उसे भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस नवजात शिशु को फेकने वाली मां की तलाश शुरू कर दी है।