राष्ट्रपति मुर्मू ने जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
राष्ट्रपति मुर्मू ने आदिवासी जीवन के पहलुओं को जाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने दो दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे के दूसरे दिन बुधवार को जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में रहने वाले विभिन्न आदिवासी समुदायों के जीवन से जुड़े पहलुओं को जाना। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद थे। जनजातीय संग्रहालय आगमन पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत पद्मश्री भूरी बाई ने अंग वस्त्रम भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने जनजातीय संग्रहालय स्थित जनजातीय जीवन वीथिका, जनजातीय परिवेश के बच्चों के खेलों पर केन्द्रित वीथिका, लिखन्दरा प्रदर्शनी दीर्घा और चिनहारी संग्रहालय स्टॉल का अवलोकन किया। जनजातीय जीवन दीर्घा में प्रदेश में निवासरत गोंड, बैगा, भारिया, सहरिया, भील और कोरकू आदिवासी समुदायों के आवासों की वास्तुगत, शिल्पगत, व्यवहारगत विशेषताओं और उनकी जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने राष्ट्रपति महोदया को इन वीथिकाओं के संबंध में परिचयात्मक जानकारी दी। राष्ट्रपति महोदया ने संग्रहालय के आकल्पन व प्रदर्शन विधा की सराहना की। राष्ट्रपति महोदया को प्रस्थान के समय जनजातीय संग्रहालय की ओर से भगवान गणेश की धातुशिल्प से निर्मित लघु प्रतिमा, भारिया देवलोक सहित अन्य पुस्तकों का सेट व गोंड पेंटिंग भेंट की गई।