मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और अपने नए मिशन के बारे में जानकारी दी।
सीएम शिवराज ने छिंदवाड़ा में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं से मिलने आया हूं। कार्यकर्ताओं ने यहां अनथक परिश्रम किया। 2018 के मुकाबले हमको बहुत ज्यादा वोट मिले हैं। कुछ सीट हम बहुत कम वोटों से हारे हैं और इसलिए एक-एक कार्यकर्ताओं से मैं मिलूंगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि हमने एक लक्ष्य तय किया है। मेरा मिशन है। मैं सौभाग्यशाली मानता हूं, हम सब अपने आपको सौभाग्यशाली मानते हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वैभवशाली-गौरवशाली-समृद्धशाली भारत के निर्माण का जो सपना था, भाजपा सरकार में पूरा हो रहा है। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलाल विराजने वाले हैं, प्राण प्रतिष्ठा होगी। कश्मीर से 370 धारा हटी है। देश अभूतपूर्व विकास कर रहा है। भारत कभी विश्व गुरु था यह हम कहते थे लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में एक बार फिर भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है।
सीएम ने कहा कि 2024 में फिर मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे इसमें कोई संदेह नहीं है। मध्य प्रदेश में कोई कसर बाकी ना रह जाए। पिछली बार पिछले बार हम 29 में से 28 सीट जीती थीं सिर्फ छिंदवाड़ा नहीं जीत पाए थे। आज से हम मिशन 2024 प्रारंभ कर रहे हैं, जो 29 की 29 सीट जिताएगा। सबसे पहले छिंदवाड़ा भारतीय जनता पार्टी जीते, इसका अभियान भी हम आज से प्रारंभ कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी भगवान का वरदान है देश को आगे बढ़े और दुनिया को भी दिशा दिखा रहे हैं यह हमारा लक्ष्य है और आज हम मिशन 2024 छिंदवाड़ा से प्रारंभ कर रहे हैं।
मिशन-29 का आगाज
सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश की ऐतिहासिक प्रचंड जीत छिंदवाड़ा की जनता आपके चरणों में समर्पित करता हूं। जब तक मेरी सांस चलेगी मैं आपकी सेवा में लगा रहूंगा। मैं शिवराज सिंह चौहान विकास की गारंटी का वचन देता हूं। जब हम 173 सीटें जीते थे तब वोट था 42%, इस बार वोट है साढ़े 48% , इस बार आपने चमत्कार कर दिया। मैं शीश झुकाकर आपको प्रणाम करता हूं। शिवराज ने कहा कि भगवान ने कहा भी है कि जब-जब धर्म की हानि होगी, अधर्म बढ़ेगा पाप और अनाचार बढ़ेगा, तब तब धर्म की रक्षा के लिए अधर्म के नाश के लिए सज्जनों के उद्धार के लिए दुष्टों के संहार के लिए मैं बार-बार इस धरती पर अवतार लूंगा। आज मैं हृदय से कह रहा हूं भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए ही परमात्मा की इच्छा से नरेंद्र मोदी का इस धरती पर आगमन हुआ है।
शिवराज ने कहा कि आज से हम मिशन मध्य प्रदेश शुरू कर रहे हैं। उसका नाम होगा 'मिशन-29'। मिशन 29 का मतलब है, मध्य प्रदेश में लोकसभा की सीटें हैं 29। ये मेरी दृढ़ इच्छा है। इसके लिए हम जी-जान से मेहनत करेंगे। जैसे विधानसभा के चुनाव में मैं कभी रात को 2 घण्टे से ज्यादा नहीं सोया, मैंने 20-22 घंटे काम किया है। वैसे ही मैं चैन की सांस नहीं लूंगा। आप बताओ फिर से मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है..? तो 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी को जिताना है।