उमरिया जिले में वाहन चालकों की लापरवाही के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। यहां एक ऑटो चालक की लापरवाही से बाइक चालक की जान पर बन आई। ऑटो चालक ने ऑटो में एक रॉड रखा हुआ था जो काफी बाहर निकला हुआ था, जिसमें फंसकर बाइक चालक गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उमरिया जिले के पाली क्षेत्र अंतर्गत जीरो ढाबा के पास हुई है।
हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बलराम गुप्ता ने घायल युवक को अपने वाहन से पाली अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे शहडोल रेफर कर दिया गया।
बलराम गुप्ता ने मानवता की मिसाल पेश की है। एक तरफ जहां लोग किसी की मदद करने को तैयार नहीं होते हैं, वहां बलराम गुप्ता ने पहले 108 एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन, उसे लेट होने और खून ज्यादा बहने के कारण वे अपनी गाड़ी से घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे।