मध्य प्रदेश में तापमान में मामूली बढ़त रही। कड़ाके की सर्दी से फिलहाल राहत महसूस की गई। अगले दो दिन तक इसी तरह तापमान में बढ़ोतरी रहेगी। बीते 24 घंटे में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां रात का पारा 5.2 डिग्री रहा।
मौसम के जानकारों की मानें तो उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में अभी मौसम सामान्य बना हुआ है। मैदानी राज्यों में ठंड से कुछ राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में हालात बदल सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि दो दिन बाद पहाड़ों पर हिमपात के साथ ही कुछ राज्यों में बारिश के आसार हैं। इसका असर मध्य प्रदेश पर भी देखने को मिलेगा। यानी आने वाले कुछ दिनों में मौसम बिगड़ने वाला है।
मौसम केंद्र के आंकड़ों की बात करें तो अब भी कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। पचमढ़ी में 5.2, खजुराहो में 5.6, उमरिया में 5.9, नौगांव में 6.5, रीवा में 6.6, मंडला में 7, ग्वालियर में 7.4, रायसेन में 7.6, दतिया में 8.3, छिंदवाड़ा में 8.7, रतलाम-दमोह-सीधी में 9, सतना में 9.3, बैतूल-खंडवा में 9.4, उज्जैन-जबलपुर में 9.5, खरगौन-राजगढ़ में 9.6, गुना में 9.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान से 8 फरवरी से हवाएं आना शुरू हो होंगी। हवाओं के जाने के बाद एक बार फिर तापमान नीचे आएगा। इससे दिन और रात में ठंड जोर पकड़ेगी। पूरे फरवरी में इसी तरह तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। इससे ठंड का एहसास बना रहेगा।
24 घंटे में मौसम का यू-टर्न, 2 डिग्री बढ़ा न्यूनतम तापमान, अब होने लगा गर्मी का अहसास
सीहोर जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। ऐसा लगने लगा है मानों ठंड की विदाई धीरे-धीरे होने लगी है। बीते एक दिन में ही न्यूनतम तापमान ने दो डिग्री उछाल मारा है। जानकारी के अनुसार रविवार को जिले में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज हुआ है। जो बीते 24 घंटे में बढ़ता हुआ नजर आया है, इसी प्रकार रविवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री था, जो सोमवार को बढ़कर 27.5 हो गया है। रविवार और सोमवार के मौसम में न्यूनतम और अधिकतम तापमान का बढ़ना संकेत दे रहा है कि अब ठंड की विदाई होने लगी है। मौसम में हो रहे इस परिवर्तन के कारण इन दिनों अस्पताल सहित क्लीनिकों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस संबंध में चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम में हो रहे इस बदलाव का ध्यान दे।