मध्य प्रदेश में ठंडक फिर लौटी है। कहीं-कहीं तापमान गिरा है। हालांकि अब भी प्रदेश में रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर ही है। बीते 24 घंटे में कई जगह बारिश भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से हवाओं का रुख बदल गया। अब यह उत्तरी से दक्षिण-पूर्वी हो गई हैं। दिन में कई इलाकों में पारा लुढ़कने से ठंडक रही, तो कई इलाकों में पारा ऊपर चढ़ा। बादल छंटते ही हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। मौसम के जानकारों की मानें तो अगले चार दिन इसी तरह मौसम बना रहेगा। रातें ठंडी रहेंगी। दो दिन बाद 22 फरवरी से एक और मजबूत सिस्टम बन रहा है।
मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के शहडोल, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ठंडा ग्वालियर रहा, यहां रात का पारा 9.9 डिग्री रहा। भोपाल में रात का तापमान 24 घंटे के मुकाबले करीब चार डिग्री तक गिरा है। मंडला में दिन का तापमान लगभग साढ़े 6 डिग्री तक गिरा है। सबसे ज्यादा तापमान खरगोन में 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अभी मध्य महाराष्ट्र के ऊपर एक चक्रवातीय गतिविधियां और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में अन्य चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय हैं। अगला पश्चिमी विक्षोभ 22 फरवरी से एक्टिव हो सकता है। इसका असर राजस्थान से सटे मध्य प्रदेश के इलाकों में दिखाई दे सकता है।