चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों की एलान कर दिया है। देश में सात चरणों में मतदान होगा। पहले चरण की शुरुआत 17 अप्रैल से होगी और 1 जून तक सातवें चरण में अलग-अलग राज्यों में मतदान कराए जाएंगे। वहीं, मप्र में चार चरणों में चुनाव होगा, प्रदेश में सीहोर एक मात्र ऐसा जिला है जहां तीन लोकसभा सीटे हैं। इन सीटों पर दो चरणों में 7 और 13 मई को मतदाता होगा। 4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित होंगे।
चुनावी कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने पत्रकार वार्ता कर निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तार जानकारी दी। जिला निर्वाचन अधिकारी सिंह ने बताया कि जिले में आचार संहिता लागू हो चुकी है। इसके बाद से स्थानीय प्रशासन, नगर पालिका और नगर परिषद का अमला सार्वजनिक संपत्तियों और स्थानों पर लगे पोस्टर, बेनर व अन्य प्रचार की सामग्री हटा रहा हैं।
विदिशा और भोपाल संसदीय क्षेत्र के लिए 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक नामांकन होंगे। नामांकन पत्रों की संमीक्षा 20 अप्रैल को की जाएगी। प्रत्याशियों द्वारा 22 अप्रैल तक नाम वापस लिया जा सकता है। विदिशा और भोपाल संसदीय क्षेत्र में 7 मई को मतदान होगा।
देवास संसदीय क्षेत्र के लिए 18 से 25 अप्रैल तक नामांकन होंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, 29 अप्रैल तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकते हैं। देवास संसदीय क्षेत्र में 13 मई को मतदान होगा।
ये होंगे रिटर्निंग ऑफिसर
संसदीय क्षेत्र 18-विदिशा के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 156- बुधनी एवं 158- इछावर के रिटर्निंग ऑफिसर रायसेन कलेक्टर होंगे । संसदीय क्षेत्र 19- भोपाल के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 159- सीहोर रिटर्निंग ऑफिसर भोपाल कलेक्टर होंगे। संसदीय क्षेत्र 21-देवास के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 157- आष्टा रिटर्निंग ऑफिसर शाजापुर कलेक्टर होंगे।