दूसरी लहर में कोरोना संक्रमितों की निरंतर बढ़ रही संख्या को देखते हुए मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन समेत कई शहरों में 19 अप्रैल तक लॉकडाउन कर दिया गया है। कुछ शहरों में शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक लॉकडाउन लागू था। उसे अब बढ़ाकर 19 अप्रैल तक कर दिया गया है।
यह निर्णय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को जिला आपदा प्रबंध समितियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। जिला आपदा प्रबंध समितियों से विस्तृत चर्चा के बाद महामारी को रोकने के लिए यह फैसला किया गया। इस संबंध में जिला कलेक्टर/दंडाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन समितियों की सहमति अनुसार धारा 144 के तहत आदेश जारी करेंगे।
कहां कब से कब तक लॉकडाउन
- इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, बड़वानी, राजगढ़, विदिशा जिलों में 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लगातार लॉकडाउन जारी रहेगा।
- बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी और जबलपुर शहर में 12 अप्रेल की रात से 22 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन लगाया जाएगा।
- इंदौर शहर, राऊ नगर, महू नगर, शाजापुर शहर और उज्जैन शहर (एवं उज्जैन जिले के सभी नगरों) में 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक।
इंदौर में ऑक्सीजन की मांग 60 फीसदी बढ़ी : लालवानी
इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर में ऑक्सीजन की मांग 60 फीसदी बढ़ गई है। हमने कमेटी बनाई है, जो अस्पतालों में इस प्राणरक्षक गैस के स्टॉक की समीक्षा करेगी। लालवानी ने बताया कि एक 24 घंटे चलने वाला कोविड कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जो कि जनता को कोरोना महामारी को लेकर सूचना देगा। सांसद ने बताया कि अस्पतालों में बेड बढ़ाने के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। अस्पतालों में भर्ती करने को लेकर भी डॉक्टरों की एक टीम प्रोटोकॉल जारी करेगी।
भोपाल में मौत का तांडव, श्मशान व कब्रिस्तान में कम पड़ी जगह
तेजी से फैलते संक्रमण के बीच राजधानी भोपाल में हालात कुछ ऐसे हो गए हैं कि यहां के श्मशान घाट और कब्रिस्तानों में शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए जगह की कमी पड़ने लगी है। भोपाल के भदभदा श्मशान घाट को कोविड-19 से मरे लोगों के शव जलाने के लिए निर्धारित किया गया है, लेकिन शुक्रवार को यहां 41 शवों का अंतिम संस्कार किए जाने के बाद आठ शवों को लौटा दिया गया।