लंदन के पाकिस्तानी मूल के मेयर सादिक ख़ान ने अपने डिप्टी मेयर के तौर पर भारतीय मूल के बिज़नेसमैन राजेश अग्रवाल को नियुक्त किया है। सादिक ख़ान ने चार डिप्टी मेयर नियुक्त किए हैं। उनमें राजेश अग्रवाल बिजनेस संबंधी मामलों पर नज़र रखेंगे।
ब्रिटेन के ईयू से निकलने संबंधी जनमत संग्रह के बाद यह पद ख़ासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 39 वर्षीय बिजनेसमैन राजेश अग्रवाल भारत के इंदौर शहर में पैदा हुए और अब वो लंदन में विदेशी मुद्रा एक्सचेंज कंपनी रैशनलएफएक्स कंपनी के मालिक हैं। इस कंपनी का सालाना बिजनेस नौ करोड़ पाउंड से अधिक का है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैसों के ट्रांसफर की सेवा ज़ेंडपे की शुरुआत करने वाले राजेश अग्रवाल को संडे टाइम्स ने अपने सबसे धनी लोगों की सूची में रखा था। अपनी नियुक्ति के बाद सिटी हॉल में लोगों को संबोधित करते हुए राजेश अग्रवाल का कहना था, ''मैं अपने मेयर के साथ मिलकर ऐसा गठबंधन बनाने की कोशिश करूंगा जो आने वाले समय में ईयू से बातचीत के दौरान लंदन के बिजनेस और वित्तीय हितों का ख्याल रखेगा।''