कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध करते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की है, जिसमें कांग्रेस पार्टी ने 229 विधानसभा सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए हैं। इसी लिस्ट में निवाड़ी विधानसभा से कांग्रेस ने अमित राय को अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जिसके बाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने प्रत्याशी अमित राय का विरोध करना शुरू कर दिया है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि अमित राय भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं और उनके कांग्रेस में आते ही उनका टिकट फाइनल कर दिया गया। पदाधिकारी बोले कि हम लोग कई साल से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं। लेकिन कुछ दिन पहले ही किसी बीजेपी का व्यक्ति कांग्रेस की सदस्यता लेता है और उसे टिकट दे दिया जाता है। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी ने एक मीटिंग आयोजित की, जिसमें सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के द्वारा दिए गए टिकट को गलत ठहराया और उसे बदलने की मांग की, नहीं तो सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता पदाधिकारी पार्टी से सामूहिक इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे।
कार्यकर्ता यहीं नहीं रुके, उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस प्रत्याशी अमित राय का पुतला भी फूंक दिया और साथ ही प्रत्याशी अमित राय को खनिज माफिया और भू माफिया के नारेबाजी कर टिकट बदलने की मांग करते नजर आए। वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह दांगी का कहना है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए कहा कि उनके द्वारा कार्यकर्ताओं में टिकट वितरण के बाद पनप रहे रोष की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराए जाने की बात कही है।