विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के सहयोगी पार्टियों के बीच लोकसभा चुनाव से पहले ही रॉर बढ़ती जा रही है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयर पर अखिलेश की टिप्पणी पर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अरे छोड़िए, अखिलेश,वखिलेश को। पीसीसी चीफ के इस बयान से सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
वहीं,अखिलेश यादव का भी एक बयान सामने आया है। उन्होंने मध्य प्रदेश में सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि छह सीटों की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने हमारे वर्तमान विधायक की सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतार दिया। उन्होंने कहा कि उनको पहले बात ही नहीं करना चाहिए था। यदि ऐसा किया जाएगा तो फिर कौन साथ रहेगा। बता दें विपक्षी दलो के गठबंधन इंडिया में समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी दोनों शामिल है। यह दोनों ही पार्टियां मध्य प्रदेश में अधिकतर सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
सीएम शिवराज ने कसा था तंज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता में लोकप्रियता से डर कर बेमेल गठबंधन बनाया, जो बनने से पहले ही टूट रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां ने मध्य प्रदेश में रैली तय की तो कमलनाथ जी ने रद्द करा दी। इस गठबंधन में शामिल पार्टियों की दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती हो रही है। यह अजीब गठबंधन है।