मध्य प्रदेश कांग्रेस मिशन-2023 के लिए मंगलवार को अपना वचन पत्र जारी करने जा रही है। इसमें वह वोटरों को साधने के लिए कई नई बड़ी घोषणाओं को शामिल कर सकती है।
प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए प्रदेश कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। मंगलवार को पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ, अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव और प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, मध्य प्रदेश कांग्रेस वचन पत्र समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह की उपस्थिति में रविंद्र भवन में कांग्रेस पार्टी का वचन पत्र जारी करेंगे। कांग्रेस ने वचन पत्र के लिए कमेटी बनाई थी। कमेटी ने अलग-अलग वर्गों के सुझाव पर वचन पत्र तैयार किया है। इसमें कांग्रेस भाजपा को प्रभावित करने के कई बड़े दावे कर सकती है। कांग्रेस का फोकस आधी आबादी, युवा, किसान पर है। साथ ही आरक्षित वर्ग को ध्यान में रखकर नई घोषणाएं वचन पत्र में देखने को मिल सकती हैं।
सेक्टर अनुसार होगी योजनाएं
कांग्रेस वचन पत्र में महिला, युवा, किसान, ओबीसी, एससी, एसटी हर वर्ग के सेक्टर अनुसार योजनाएं लाएगी। इसमें कांग्रेस की अब तक की गारंटियों, पढ़ो पढ़ाओ योजना के साथ ही नई बड़ी घोषणाओं को शामिल किया जा सकता है। दरअसल, कांग्रेस सत्ता वापसी के प्रयासों में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
बेरोजगारों को मासिक भत्ता
वचन पत्र में युवाओं के लिए स्व रोजगार को लेकर अलग—अलग बिंदुओं में कई योजनाएं लाई जा सकती हैं। स्नातक बेरोजगारों और डिप्लोधारी युवाओं को मासिक भत्ता देने का एलान किया जा सकता है। इसी तरह पीडीएस सिस्टम में गेहूं, चावल, तेल, नमक समेत पूरा पैकेट प्रत्येक गरीब को 10 किलो मुफ्त अनाज देने जैसी नई सुविधा की घोषणा कर सकती है। आरक्षित वर्ग एससी-एसटी को रोजगार देने, आदिवासियों समेत सभी धर्मों के देव स्थलों के विकास की योजना समेत किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई नई योजना ला सकती है। महिला स्व सहायता समूह को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाने की बात की जा रही है।
महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देंगे
कांग्रेस अपने वचन पत्र में 1500 रुपये प्रतिमाह देने के अपनी गारंटी में बदलाव कर बढ़ा सकती है। शिवराज सरकार अभी 1.32 करोड़ महिलाओं को 1250 रुपये प्रतिमाह दे रही है। इस राशि को बढ़ा कर तीन हजार रुपये करने का वादा किया है। ऐसे में अब आधी आबादी को साधने के लिए कांग्रेस कोई नई घोषणा कर सकती है। वहीं, कांग्रेस ने 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने का भी एलान किया है।
जातिगत जनगणना
कांग्रेस नेता अपनी रैलियों में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराने का एलान कर चुके हैं, ताकि जनसंख्या के अनुसार जातियों को भागीदारी दी जा सके। प्रदेश में पिछड़ा वर्ग की आबादी करीब 50 प्रतिशत बताई जाती है। कांग्रेस कमलनाथ सरकार में भी 27 प्रतिशत आरक्षण देने का दावा करती है। हालांकि, अब यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कांग्रेस ने जातिगत जनगणना कराने की बात कहकर अलग-अलग जातियों को साधने का दांव चला है।
ओल्ड पेंशन से कर्मचारियों को साधा
कांग्रेस ने सरकार बनाने पर ओल्ड पेंशन लागू करने का एलान किया है। प्रदेश में कुल साढ़े सात लाख कर्मचारी हैं। इसमें 1 जनवरी 2005 के बाद ज्वाइन करने वाले करीब चार लाख कर्मचारी हैं, जिनको नई पेंशन मिलती है। कांग्रेस ने अपनी सरकार वाले राज्यों में ओल्ड पेंशन लागू कर दी है। इससे कांग्रेस ने कर्मचारियों और उनके परिजनों का वोट साधने का प्रयास किया है।
ये गारंटी दी है कांग्रेस ने
- किसानों से कर्जमाफी का वादा
- 100 यूनिट बिजली बिल माफ, 200 यूनिट हाफ
- पहलीं से 12 वीं तक बच्चों को 500 से 1500 रु. स्कॉलरशिप।
- सिंचाई के लिए पांच हार्सपावर कृषि पंप की बिजली नि:शुल्क
- सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली की आपूर्ति