भोपाल में सात विधानसभा में 66 प्रतिशत मतदान
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल जिले के सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को 66.62 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछली बार 2018 में राजधानी की सातों सीटों पर 65.79 फीसदी मतदान हुआ था। इस तरह पिछली बार के मुकाबले करीब एक फीसदी ज्यादा मतदान हुआ।
जिले के 2049 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान के बाद मतदान दलों का सामग्री लेकर लाल परेड मैदान पर आना शुरू हो गया। कलेक्टर स्वयं मतदान सामग्री वापसी कार्य की देख रेख कर रहे हैं। मतदान दलों को रिलीव करने का काम भी प्रारंभ हो गया है।
भोपाल जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे अधिक 78.54 प्रतिशत मतदान बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। वहीं, उत्तर विधानसभा में 69.10, नरेला में 65.17, दक्षिण पश्चिम में 59.13, मध्य में 60.67, गोविंदपुरा में 63.14 जबकि हुजूर विधानसभा क्षेत्र में 70.54 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी है।
कहां कितना हुआ मतदान
सीट मतदान 2023 मतदान 2018 प्रतिशत में
बैरसिया 78.54 76.63
उत्तर सीट 68.8 65.87
नरेला 64.14 65.47
दक्षिण पश्चिम 53.2 62.58
गोविंदपुरा 63.03 59.73
हुजूर 70.02 69.68
भोपाल मध्य 60.01 60.58
इस बीच जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने शांति पूर्ण मतदान संपन्न होने पर मतदाताओं सहित निर्वाचन कार्य में लगे शासकीय अमले,राजनैतिक दलों,मीडिया आदि को धन्यवाद भी दिया है। अब तीन दिसंबर को मतगणना के दिन परिणाम आएंगे।