मध्य प्रदेश में कोरोना के नए केस मिलने की रफ्तार कम हुई है, पर उतार-चढ़ाव जारी है। 24 घंटे में मध्य प्रदेश में 9,532 नए केस मिले हैं। इंदौर में सबसे अधिक 2,278 और भोपाल में 2,049 नए केस सामने आए हैं।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश में 9,532 नए केस आए हैं। 10547 लोग रिकवर हुए। इसका मतलब है कि नए केस के मुकाबले रिकवर होने वालों की संख्या बढ़ गई है। इसका मतलब है कि चकरी उल्टी घूम रही है। ऐसा लगता था कि तीसरी लहर का फन कुचलने की कोशिश करेंगे। प्रधानमंत्री की वैक्सीन हावी रही है। कोरोना तीसरी लहर में हावी नहीं हो पाया है। दूसरी लहर के मुकाबले बहुत कम लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इस समय प्रदेश में एक्टिव केस 71,203 हैं। संक्रमण दर 11.95% तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 54 पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। पुलिस के कुल 1,390 एक्टिव केस हैं। अब तक 10.89 करोड़ वैक्सीन के डोज दिए गए हैं।
स्कूल खोलने पर फैसला अगले हफ्ते
डॉ. मिश्रा ने कहा कि 30 या 31 जनवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना की समीक्षा करेंगे। उसमें तय होगा कि स्कूल खोलने है या नहीं। फिलहाल 31 जनवरी तक स्कूल नहीं खोलने का फैसला किया है। दरअसल, स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बुधवार को कहा था कि यदि कोरोना का प्रभाव इसी तरह से बढ़ता रहा तो स्कूल नहीं खोले जा सकते। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 जनवरी से स्कूल बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ऑनलाइन क्लास चलाई जा रही हैं।
अब भी इंदौर कोरोना का हॉटस्पॉट
मध्य प्रदेश में इंदौर अब भी कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ है। प्रदेश में इस समय सबसे अधिक 19,149 एक्टिव केस इंदौर में हैं। इसके बाद भोपाल में 14,175 एक्टिव केस हैं। अन्य शहरों की बात करें तो इंदौर और भोपाल के बाद सबसे अधिक नए केस जबलपुर (710), ग्वालियर (396), खरगौन (255) और धार (209) में मिले हैं।