बीजेपी प्रवक्ता का विवादास्पद बयान, पूछा, इस बार कहां गए हैं चार्ज होने राहुल गांधी
- फोटो : PTI
बीजेपी की मध्यप्रदेश इकाई के प्रवक्ता विजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर एक विवादास्पद बयान दिया है। सिसोदिया ने कहा कि राहुल गांधी विदेश यात्रा पर कहां गए हैं, इसके बारे में सही पता बताने वाले को वह अपनी जेब से एक लाख रुपए का इनाम देंगे। गुरुवार को एक वक्तव्य जारी कर सिसोदिया ने राहुल की विदेश यात्रा पर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष इन दिनों विदेश प्रवास पर हैं और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने इसके बारे में ही इनाम देने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं सिसोदिया ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा का मजाक भी बनाया है।
उन्होंने कहा, कुछ माह पहले भी राहुल गांधी विदेश यात्रा पर गए थे, तब कांग्रेसजन कह रहे थे कि वह चिंतन करने गए हैं। वहां से ऊर्जा प्राप्त करके लौटेंगे। लेकिन बाद में पता चला कि वह थाईलैंड, मलेशिया, बैंकाक और सिंगापुर गए थे और वहां से चार्ज होकर आए थे।
सिसोदिया ने कहा कि अब कांग्रेसजन मानते हैं कि राहुल गांधी की ऊर्जा कम हो रही है। वह पुन: चार्ज होने गए हैं। वह कहां गए हैं, किससे मिलने गए, कैसे चार्ज होते हैं और कितने दिन में चार्ज होते हैं, देश इन सवालों के जवाब जानना चाहता है।
Published By Rahul Sankrityayan