मध्य प्रदेश में एक दिन में कोरोना के सर्वाधिक 307 नए मामले सामने आए हैं, इसमें मुरैना हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। शनिवार को नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 14604 हो गए हैं। इसके अलावा राज्य में पांच नई मौतों के साथ मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 598 हो गई है। इसमें तीन मौतें इंदौर और एक-एक मौत धार और कटनी में हुई है।
राज्य में सबसे अधिक मामले मोरेना जिले से आए हैं। यहां शनिवार को कुल 78 संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके बाद भोपाल में 51, इंदौर में 34 और ग्वालियर में 28 मामले दर्ज किये गए।
डोर टू डोर सर्वे की शुरुआत के बाद ये एक दिन में सर्वाधिक मामले हैं। कोरोना को ख़त्म करने का यह अभियान एक जुलाई से शुरू हुआ है और 15 जुलाई तक चलेगा। बता दें कि राज्य का पहला मामला 20 मार्च को जबलपुर में मिला था।
शनिवार को अस्पताल से 185 मरीज कोरोना से ठीक होकर घर लौटे।
राजस्थान की सीमा से सटे मुरैना में पिछले पांच दिनों में 269 नए मामले सामने आए हैं, जिसकी वजह से जिले में कुल 618 मामले दर्ज हो चुके हैं। राज्य में अब तक कुल 14604 मामले सामने आए हैं जिसमें 2772 सक्रिय हैं, 598 लोगों की मौत हुई है और 11234 लोग स्वस्थ्य हुए हैं।