मुरैना में पीट-पीटकर युवक की हत्या (AI तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
पोरसा थाना क्षेत्र के सिंगपुरा गांव में खेत की मेड़ तोड़ने और ट्रैक्टर रोकने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान गोली चलने की भी बात सामने आई है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए ग्वालियर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अजय उर्फ गोलू, पिता राममोहन तोमर, निवासी सिंगपुरा के रूप में हुई है। घटना में अजय की मां ममता देवी (48), ताऊ राघवेंद्र सिंह (55), संजय (28) और रवि (26) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें-
महू-नीमच मार्ग पर हादसा: तेज रफ्तार ट्रॉले की टक्कर से तीन मासूम छात्रों की मौत, इनमें दो सगे भाई शामिल
परिजनों के मुताबिक खेत में ट्रैक्टर रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद परिवार के लोग शिकायत लेकर पोरसा थाने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस पहले ही मामले को गंभीरता से लेती तो विवाद आगे नहीं बढ़ता और अजय की जान बच सकती थी। पोरसा थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया ने बताया कि पीड़ित पक्ष थाने आया था। उस समय थाने पर बिजली नहीं थी, जिसके कारण सुनवाई नहीं हो सकी। थाना प्रभारी के अनुसार, लोग घटना की सूचना दिए बिना ही वहां से चले गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आएगी।
परिजनों ने राजवीर सिंह, राकेश उर्फ पप्पू, उमेश सिंह, लक्ष्मण उर्फ करु पहलवान और राजा पर मारपीट कर अजय की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत और चार लोगों के घायल होने के बाद गंभीर मामला बन गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एफआईआर और जांच के बाद ही घटना में गोली चलने, विवाद की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।