मुरैना में महिलाएं आपस में मारपीट के बाद बेसुध होकर गिर गईं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मुरैना के पोरसा थाना क्षेत्र के मेहदौरा पंचायत के वीरमपुरा गांव में एक ही परिवार की चार महिलाओं के बीच लाठियां चल गईं। चारों महिलाओं के बीच इस कदर लाठियां चली कि मौके पर ही बेहोश हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस चारों घायल महिलाओं को इलाज के लिए पोरसा अस्पताल लेकर आई, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक वीरमपुरा गांव निवासी पार्वती पत्नी रामचंद्र केवट (30) व परिवार की ही महादेवी पत्नी सियाराम केवट (50) के साथ सरकारी बोरिंग का पानी खेत में जाने को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष की दो-दो महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर आ गईं। जिस पर एक दूसरे पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। इस झगड़े में चारों महिलाएं ही गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर गिर पड़ीं। झगड़े की सूचना पाकर टीआइ रामनरेश यादव पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। जहां घर में चारों महिलाएं बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थीं, जिन्हें गाड़ी में लेकर पोरसा अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अभी मामले में महिलाओं के बयानों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही थी।