मुरैना में कक्षा-8 और कक्षा-5 के बच्चों से नकल कराते पालक।
- फोटो : अमर उजाला
चंबल अंचल में यूं कक्षा-10 और कक्षा-12 परीक्षा में नकल माफिया हावी है। माफिया यह प्रयास करता है कि छात्र-छात्राओं को जमकर नकल कराई जाए। लेकिन अब कक्षा-5 और कक्षा-8 में भी नकल माफिया के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के परिजन नकल कराने से पीछे नहीं हट रहे। मामला प्राथमिक व मिडिल की बोर्ड पैटर्न पर परीक्षाओं का है। इसमें भी जमकर नकल हुई।
शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल सरसेनी परीक्षा केन्द्र पर गेट पर ताला डालकर पालकों ने अपने बच्चों को नकल कराई। केन्द्र के बाहर नकल कराने वालों की भीड़ दिखी। प्राथमिक की हिंदी और मिडिल की साइंस विषय की परीक्षा थी। इस केन्द्र पर 18 स्कूलों के बच्चे परीक्षा देने आए थे। केन्द्र पर पहुंचकर देखा कि स्कूल के गेट पर अंदर से ताला पड़ा था। ताला खुलवाया तो परीक्षा कक्ष में पालक खड़े होकर बच्चों को नकल करा रहे थे। एक पालक तुरंत कक्ष से बाहर निकल गया और एक कक्ष में खड़ा रहा। जब उससे पूछा कि आपकी ड्यूटी है क्या, तो वह सकपका गया और कक्ष से बाहर चला गया।
ड्यूटी शिक्षक से पूछा तो उन्होंने बताया कि गांव के ही लोग हैं मना करते हैं लेकिन मानते ही नहीं हैं। स्कूल परिसर में एक दर्जन से अधिक पालक घूम रहे थे। स्कूल केन्द्राध्यक्ष व स्टाफ ने आपत्ति नहीं ली। प्रशासन व विभागीय स्तर पर परीक्षाओं की व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण दल भी बनाए गए थे। सरसेनी परीक्षा केन्द्र पर निरीक्षण दल नहीं पहुंचा। यहां खुलेआम नकल चलती रही। स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में है। आसपास के लोग परीक्षा केंद्र पर पूरी तरह से हावी थे।
हालांकि, मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी एके पाठक ने सभी शिक्षकों को नोटिस देकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा में किसी भी तरह की नकल नहीं होगी। इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है और केंद्रों पर जाकर कार्यवाही करें अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।