अलीराजपुर के जोबट में एक ऑटो में 50 से ज्यादा सवारियां नजर आई हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले आलीराजपुर से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक ऑटो में 50 से ज्यादा सवारियों को ढोया जा रहा है। हालत ये है कि ऑटो में अंदर-बाहर-ऊपर सिर्फ सवारियां दिख रही हैं, ऑटो के केवल पहिए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने नंबर प्लेट से ऑटो तलाश कर लिया है और जब्त कर लिया है। वीडियो दीपावली के समय का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला आलीराजपुर जिले के जोबट का है। यहां आमतौर पर ऑटो में ढेरों सवारियां बैठी नजर आ ही जाती है। ये दृश्य यहां के लिए नया नहीं है। ऐसा ही वीडियो अब सामने आया है। ऑटो में 50 से ज्यादा लोग लटके थे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पांच अक्टूबर की रात का है। लोग दशहरे का मेला देखकर जोबट से अपने गांव बिलासा जाने के लिए इस ऑटो पर लद गए थे। किसी ने इसका वीडियो बना लिया जो अब वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो पुलिस के पास भी पहुंच गया। पुलिस ने ऑटो की नंबर प्लेट देखकर कार्रवाई की। पुलिस ने ऑटो जब्त कर लिया है। एसपी मनोज कुमार सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा का जिले में लोक परिवहन के साधनों का अभाव है। इस कारण ऐसी स्थिति बनती है। पुलिस इसे लेकर समय-समय पर चालानी कार्रवाई करती रहती है।