नरेंद्र मोदी-शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ग्रामीण विकास क्षेत्र में केंद्रीय बजट घोषणाओं और इसके सकारात्मक प्रभाव पर राष्ट्रीय वेबिनार को संबोधित किया। इसमें प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से अपील की कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो सेवानिवृत्त होने के बाद अपने गांव या पास के नगर में रह रहे हैं। क्या ऐसे लोग साल में एक बार अपने गांव में एकत्रित हो सकते हैं। क्या कभी हमने सोचा है कि गांव का जन्मदिन तय कर मनाएं। 10 से 15 दिन का उत्सव मनाकर उसकी आवश्यकता की पूर्ति के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जुड़ाव गांव को समृद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि विकास जितना बजट से होगा, उससे ज्यादा सबके प्रयास से होगा।
बता दें शिवराज सिंह चौहान ने 8 फरवरी नर्मदा जयंती के दिन सीहोर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव जैत का जन्मदिन गौरव दिवस के रूप में मनाया था। दरअसल इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं में स्थानीय जन सहभागिता बढ़ाना है। इसके लिए स्थानीय लोगों की समिति बनाकर सरकारी कामों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जैत के गौरव दिवस पर शिवराज सिंह चौहान के साथ स्थानीय लोगों ने विकास के कई निर्णय लिए। इस ग्राम सभा में जैत को स्वच्छ ग्राम बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।