नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म।
- फोटो : अमर उजाला।
मध्य प्रदेश में दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो तीन साल पहले का बताया जा रहा है। वीडियो पीड़िता की मां के पास पहुंचा। फिर पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले में लेकर दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एक नाबालिग से तीन साल पहले दो लोगों ने दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाया था। उस समय पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट कहीं भी दर्ज नहीं कराई थी और न ही परिजनों को जानकारी दी थी। तीन दिन पहले एक आरोपी की पत्नी ने दुष्कर्म का यह वीडियो पीड़िता की मां को दिखाया। उसके बाद यह मामला उजागर हुआ। फिर नाबालिग ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामला संवेदनशील होने की वजह से अभी आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं।