मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कमलापुर निवासी युवक-युवती के शव चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र के सेगवा गांव में पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलने पर दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
ये भी पढ़ें-
सौरभ शर्मा मामले में मिला 52 किलो सोना और 11 करोड़ किसके? तीन माह बाद भी तीन जांच एजेंसियां खाली हाथ
मंडफिया थाना प्रभारी गोकुल डांगी ने बताया कि रविवार सुबह सांवलियाजी रोड से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर फंदे से लटके युवक-युवती के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा। युवक की जेब से आधार कार्ड और मोबाइल मिला, जिससे उसकी पहचान कमलेश पिता परसराम माली, निवासी कमलापुर, मंदसौर के रूप में हुई। मोबाइल से परिवार का नंबर मिलने पर पुलिस ने सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, मृतक कमलेश अविवाहित था, जबकि युवती पायल पति दीपक भील, निवासी कमलापुर, मंदसौर शादीशुदा थी। पायल शनिवार सुबह 10:30 बजे मायके जाने के लिए निकली थी। परिजनों को लगा कि वह ससुराल में है, जबकि ससुराल वालों को लगा कि वह मायके गई है। इसी दौरान दोनों ने संपर्क कर मंडफिया पहुंचकर आत्महत्या का कदम उठा लिया।
ये भी पढ़ें-
बदमाशों ने युवती पर किया जानलेवा हमला; ताबड़तोड़ चलाई गोलियां, पेट में गोली लगने से गंभीर घायल
प्रेम प्रसंग की आशंका
पुलिस को युवक की जेब से एक पर्ची मिली, जिससे पता चला कि दोनों सांवलियाजी के कृष्णा होटल में ठहरे थे। थाना प्रभारी गोकुल डांगी के अनुसार, युवती शादीशुदा थी और दोनों अलग-अलग समाज से थे, संभवतः इसी कारण परिवार ने संबंध पर आपत्ति जताई होगी, जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।