डूंगरखेड़ी गांव में एक मकान से 10 लीटर संदिग्ध नकली दूध, यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल और दूध बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस कारोबार को दो सगे भाई चला रहे थे, जो दबिश से पहले फरार हो गए।
जिले में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर घर के भीतर चलाए जा रहे नकली दूध के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शामगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में दो सगे भाई यूरिया, पाम ऑयल और वनस्पति तेल मिलाकर घातक नकली दूध तैयार कर रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दूध बनाने के उपकरण और रसायन जब्त किए हैं।
विज्ञापन
यूरिया और रसायन से बनता था दूध
डूंगरखेड़ी गांव में आबादी से दूर स्थित मकान में कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह नाम के दो भाई यह अवैध कारोबार चला रहे थे। सूचना मिलने पर शामगढ़ थाना पुलिस ने मकान पर दबिश दी। पुलिस ने तलाशी के दौरान मौके से 10 लीटर नकली दूध और इसे बनाने की सामग्री बरामद की। जब्त सामान में यूरिया खाद, पाम ऑयल, 25-25 किलोग्राम के सात बोरे पाउडर, पारस कंपनी के तेल के डिब्बे और 15-15 लीटर की पांच केन में वनस्पति तेल शामिल हैं। पुलिस ने दूध तैयार करने वाली मिक्सर मशीन और कूलिंग उपकरण भी जब्त किए हैं।
त्योहारों पर 10 हजार लीटर बेचने की योजना
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अब तक एक हजार लीटर से अधिक नकली दूध असली दूध में मिलाकर बाजार में खपा चुके थे। आगामी त्योहारों के दौरान आरोपियों ने करीब 10 हजार लीटर नकली दूध बनाकर बाजार में बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और जांच के लिए नमूने एकत्र किए। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने बताया कि पुलिस ने सामग्री जब्त कर ली है और आरोपी भाइयों की तलाश जारी है। खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यूरिया के प्रयोग की आधिकारिक पुष्टि होगी।