विश्व प्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में रखे दान पत्रों में आई दान की राशी की गिनती शुरू हो गई है। मंदिर परिसर में रखे गए दान पात्रों में से बीते दो दिनों में 26 लाख से अधिक की राशि गणना की गई। मंदिर परिसर में नौ दानपात्र रखे गए हैं, जिनमें नकदी के साथ में विदेशी मुद्राएं भी प्राप्त हुई हैं।
मंदिर परिसर में रखे गए दान पात्रों से दान राशि की गणना का कार्य मंगलवार के बाद बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह से शुरू हुई गणना के दौरान शाम तक दानपात्रों से अमेरिका, मलेशिया की मुद्राए और चांदी के आभूषण प्राप्त हुए है। दो माह के बाद मंदिर के दानपात्र को खोला गया है, जिसमें अब तक 26 लाख 67 हजार रुपये की नकद राशि मिली है।
भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में रखे गए इन दान पात्रों को मंदिर प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के सामने खोला गया। मंदिर प्रबंधक राहुल रुनवाल ने बताया कि भक्तों द्वारा भगवान पशुपतिनाथ को अर्पण की गई दान राशि की गणना दो दिन चली। इसमें पहले दिन 17 लाख 13 हजार रुपये प्राप्त हुए थे, और दूसरे दिन गणना में नौ लाख 54 हजार 419 रुपये निकले। दानपात्र के माध्यम से 26 लाख 67 हजार 419 रुपये की दानराशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही मलेशियाई रिग्गित मुद्रा और अमेरिकी एक डॉलर के 12 नोट और 5 डॉलर के 2 नोट दानपात्र से मिले हैं।