मंदसौर में इस घर में हुआ धमाका।
- फोटो : सोशल मीडिया
मंदसौर शहर के शांतनु विहार क्षेत्र में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक पानी के टैंक में ब्लास्ट होने से पति-पत्नी झुलस गए। जिन्हें पड़ोसी तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार मंदसौर के रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित शांतनु विहार कॉलोनी में विशाल उदीवाल के घर में बने पानी के टैंक में शनिवार को सांप घुस गया था। जब टैंक में सांप होने की जानकारी मिली तो दंपत्ति ने सांप पकड़ने वाले को बुलाया। जब लाख कोशिश के बाद भी सांप पकड़ में नहीं आया तो सांप पकड़ने वाले ने टैंक में पेट्रोल डालने की बात कही। इस पर विशाल उदीवाल ने टैंक में पेट्रोल डाल दिया जिसकी गंध से सांप बाहर आ गया और उसे पकड़ लिया गया।
रविवार सुबह जब टैंक में देखने के लिए विशाल व उनकी पत्नी ने जैसे ही माचिस की तीली जलाई, वैसे ही जोर का धमाका हुआ और विशाल और उनकी पत्नी परिधि उदिवाल झुलस गए। धमाके की आवाज सुन कॉलोनी वासी मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों पति पत्नी आग से झुलस गए हैं। इस पर कॉलोनी के लोग उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल डालने के बाद टैंक में गैस जमा हो जाने की वजह से रविवार सुबह जैसे ही दंपती ने माचिस जलाई धमाका हो गया। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पति करीब 35 फीसदी और पत्नी 15 फीसदी झुलस गई। डॉक्टरों की सलाह पर दोनों बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर हुए हैं। हालांकि पुलिस को दिए बयान में दंपती ने कचरा जलाते वक्त हादसे का शिकार होना बताया है। जानकारी के मुताबिक दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।