मंदसौर में वाय डी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मूंदड़ी में एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। रास्ते के विवाद को लेकर छोटे भाई ने ही अपने परिवार के साथ मिलकर बड़े भाई और भाभी पर लाठी डंडों से हमला कर दिया, जिससे उपचार के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी घायल है, जिसका जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस ने पहले ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया था, जिसका परिणाम ये रहा कि बुधवार को छोटे भाई राजेश नाथ ने अपनी पत्नी राधा बाई, बेटी सपना और बेटे आशीष के साथ मिलकर अपने ही बड़े भाई गोपाल नाथ पर खेत पर काम करने के दौरान लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान वह बेहोश हो गया, राजेश नाथ यही नहीं रुका। बड़े भाई गोपाल नाथ के बेहोश हो जाने के बाद राजेश नाथ गोपाल नाथ के घर गया और अपनी भाभी पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर वाय डी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय लेकर आई। जहां दोनों को भर्ती करवाया। जहां गोपाल नाथ के सिर में गंभीर चोट आने की वजह से इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, गोपाल नाथ की पत्नी का इलाज जिला चिकित्सालय में जारी है। मामले में पुलिस ने मृतक गोपाल नाथ की पत्नी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की बेटी ने की हत्यारे राजेश का मकान तोड़ने की मांग...
मृतक गोपाल नाथ की बेटी मोनिका योगी ने बताया कि मम्मी घर पर खाना बना रही थी और पापा खेत पर नीलगाय भागने गए थे। तभी मेरे अंकल राजेश नाथ चाची राधा बाई, अंकल की लड़की सपना व बेटा आशीष खेत पर गए और मेरे पापा के ऊपर लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। बाद में घर पर आए और मम्मी के ऊपर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। बाद में एंबुलेंस से पापा-मम्मी को अस्पताल लेकर आए, जहां पापा की मौत हो गई और मम्मी का इलाज चल रहा है। हम मांग करते हैं कि मेरे अंकल का मकान तोड़ा जाए।
मृतक के दामाद ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप...
मृतक गोपाल नाथ के दामाद विकास नाथ ने बताया कि राजेश नाथ ने पहले खेत पर जाकर मेरे ससुर के साथ मारपीट की और बाद में घर आकर मेरी सास के साथ मारपीट की। उसके बाद थाने आकर बैठ गए और आरोप लगाया कि हमने मारपीट की। उनका पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रास्ता दे नहीं रहे थे और पूर्व में भी राजेश नाथ ने धमकी दी थी कि तुम्हारा काम निपट जाएगा। हमने थाने पर पूर्व में चार पांच बार शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हम कलेक्टर के पास भी गए थे, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि मृतक का बेटा छोटा है तो सरकार उसको कुछ मुआवजा दे।
टीआई ने की थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई...
वाय डी नगर थाना टि आई जितेंद्र पाठक ने बताया कि सुबह सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मूंदड़ी में गोपाल नाथ का झगड़ा राजेश नाथ से हुआ है। मौके पर देखा तो गोपाल नाथ घायल अवस्था में था, जिसे इलाज के लिए जिला चिकत्सालय लाए थे। उसके बाद पुलिस ने 306 की कायमी भी की थी। बाद में पता चला कि इलाज के दौरान गोपाल नाथ की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने धारा- 302 बढ़ा दी है और महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है।