मंदसौर पुलिस ने लाखों की ब्राउन शुगर पकड़ी है।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भानपुरा थाना क्षेत्र की भैसोदा मंडी चौकी पुलिस ने तस्कर के पास से 62 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध ब्राउन शुगर और डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
भैसोदा मंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव को सोमवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि आम सड़क पर स्थित भैसोदा मंडी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थ की खेप के साथ खड़ा है। इस जानकारी के आधार पर भानपुरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय बुंदेला और चौकी प्रभारी धर्मेश यादव के नेतृत्व में पुलिस दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम ने वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान कालू सिंह (43) पुत्र मांगीलाल उर्फ मांगू सिंह, निवासी सुराखेड़ी, थाना गरोठ के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें-
दो हत्याओं से सनसनी: जुआ खेलते हुआ विवाद तो जमकर चले चाकू, एक की मौके पर मौत तो दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
बरामद सामान की कीमत
पुलिस ने जब आरोपी कालू सिंह की तलाशी ली तो उसके पास से 310 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर तथा 5 किलोग्राम 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बाजार में 310 ग्राम ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 62 लाख रुपये है। इसके अलावा 5 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा का मूल्य करीब 11 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP14 ZD6535) भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 62 लाख 61 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी कालू सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी विनय बुंदेला ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास करेगी कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे आगे किसे देने वाला था। पुलिस पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों के इस पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।