मैहर जिले के अमरपाटन-रामनगर क्षेत्र में पिछले 14 दिनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बने रेडियो कॉलर युक्त जंगली नर हाथी E-5 (C-4) को आखिरकार वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात ट्रेंकुलाइज कर अपने नियंत्रण में ले लिया। रामनगर के मनकहरी जंगल में सुबह से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 12 घंटे तक चला। रात लगभग 11 बजे विशेषज्ञों की टीम ने हाथी को दो डार्ट मारकर बेहोश करने में सफलता हासिल की। इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लाए गए चार प्रशिक्षित कुमकी हाथियों के साथ 200 से अधिक वनकर्मी, अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल रहे। हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के बाद वाहन में लोड कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजने की तैयारी की गई। हाथी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों और वन विभाग के अमले ने राहत की सांस ली।
सुबह से शुरू हुई घेराबंदी, 12 घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
बुधवार सुबह वन विभाग की संयुक्त टीम ने मनकहरी के घने जंगलों में जंगली हाथी की लोकेशन ट्रेस कर उसे चारों तरफ से घेरने की रणनीति बनाई। जंगल का दुर्गम इलाका और हाथी का लगातार आक्रामक व्यवहार रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ था। हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए विशेषज्ञों ने कुमकी हाथियों की मदद से उसे नियंत्रित क्षेत्र में लाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों ने हाथी पर दो डार्ट दागे। इसके बाद हाथी बेहोश हो गया और वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। लगभग 12 घंटे तक चले इस ऑपरेशन को वन विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
होटल की चौथी मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की खुदकुशी, बीते डढ़े महीने से रह रहा था
चार कुमकी हाथियों ने संभाला मोर्चा, तीन टाइगर रिजर्व की टीमें रहीं मौजूद
इस बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, संजय टाइगर रिजर्व और मुकुंदपुर जू से विशेषज्ञों की टीमें बुलाई गई थीं। ऑपरेशन में चार प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को शामिल किया गया। इनमें बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के प्रशिक्षित कुमकी हाथी गौतम, सूर्या और श्याम के साथ संजय टाइगर रिजर्व से लाया गया विशालकाय कुमकी हाथी बापू शामिल रहा। इनकी मदद से जंगली हाथी की घेराबंदी कर उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक अनुपम सहाय, वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. राजेश तोमर, मुकुंदपुर जू के डॉ. नितिन गुप्ता, संजय टाइगर रिजर्व के अभय सेंगर सहित मैहर डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा, अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी, रेंजर शुभम खरे और एसडीओ सिद्धार्थ दीपांकर मौजूद रहे। इनके अलावा 200 से अधिक वनकर्मियों, अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला।
बाणसागर डैम तैरकर पार कर मैहर पहुंचा था हाथी
गौरतलब है कि रेडियो कॉलर युक्त नर जंगली हाथी E-5 (C-4) 28-29 अक्टूबर की दरमियानी रात बाणसागर डैम के विशाल जलभराव को तैरकर पार करते हुए रामनगर जनपद की सेमरिया ग्राम पंचायत पहुंचा था। इसके बाद से हाथी अमरपाटन-रामनगर क्षेत्र के जंगलों और गांवों के आसपास लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।हाथी कभी मनकहरी के जंगलों में दिखाई देता तो कभी सेमरिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों की ओर पहुंच जाता था। इस दौरान खेतों में खड़ी फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं। हाथी की लगातार बदलती लोकेशन और उसके आक्रामक व्यवहार के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
ये भी पढ़े-
गुना में 1.20 लाख का इनामी कुख्यात बदमाश अवैध शराब के साथ गिरफ्तार, घेराबंदी कर दबोचा
एलीफेंट एडवाइजरी कमेटी के फैसले के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू
वन विभाग की टीमें लगातार हाथी की निगरानी और ट्रैकिंग कर रही थीं, लेकिन घने जंगल और हाथी की लगातार बदलती गतिविधियों के कारण उसे पकड़ना आसान नहीं था। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। बीते शनिवार को एलीफेंट एडवाइजरी कमेटी की आपात बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में हाथी की गतिविधियों, ग्रामीणों की सुरक्षा और लगातार बढ़ते खतरे पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद हाथी को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। इसी निर्णय के तहत विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने बुधवार को मनकहरी के जंगल में व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया।
हाथी के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
पिछले दो सप्ताह से अमरपाटन और रामनगर क्षेत्र के ग्रामीण हाथी की मौजूदगी को लेकर चिंतित थे। खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास हाथी की आवाजाही के कारण लोगों को लगातार सतर्क रहना पड़ रहा था। अब हाथी के सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज होने के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है वन विभाग की प्राथमिकता हाथी को सुरक्षित तरीके से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचाना है। इस पूरे अभियान में तीन वन्यजीव संस्थानों के विशेषज्ञों, चार प्रशिक्षित कुमकी हाथियों और 200 से अधिक कर्मचारियों की संयुक्त भूमिका रही, जिसके चलते एक चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया जा सका।