मैहर में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के साथ मनाया गया। परेड ग्राउंड पर कलेक्टर रानी बाटड ने ध्वजारोहण किया, वहीं एसपी कार्यालय सहित 50 से अधिक संस्थानों में तिरंगा लहराया गया।
79वां स्वतंत्रता दिवस मैहर में बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर का वातावरण तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दिया। मुख्य कार्यक्रम परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर रानी बाटड ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आकर्षक परेड मार्च और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित नागरिकों को भावविभोर कर दिया।
विज्ञापन
दूसरा मुख्य आयोजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ। यहां एसपी सुधीर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर, नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, कोतवाली प्रभारी अनिवेश द्विवेदी, यातायात प्रभारी निपेंद्र सिंह सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। राष्ट्रगान की गूंज और तिरंगे को दी गई सलामी ने समारोह को और अधिक गरिमामय बना दिया।
इसके अलावा, जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस पर लगभग 50 से अधिक शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण हुआ। विद्यालयों, पंचायत भवनों, अस्पतालों, बैंकों और अन्य सरकारी भवनों में तिरंगा लहराया गया। हर जगह देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा।
विज्ञापन
नागरिकों में इस दिन का उत्साह देखते ही बनता था। बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में तिरंगा लहराते नजर आए, वहीं युवाओं ने प्रभात फेरियों और बाइक रैलियों के माध्यम से आजादी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर "वंदे मातरम्" और "भारत माता की जय" के नारों से माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया।