मध्यप्रदेश के मैहर जिले में रविवार को एनएच-30 पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। अमरपाटन थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा पलटा, जिससे वाहन में सवार आठ श्रद्धालु भी घायल हो गए। सभी घायलों को अमरपाटन से सतना रेफर किया गया।
मैहर दर्शन के बाद लौट रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में सवार सभी श्रद्धालु मैहर मां शारदा देवी मंदिर के दर्शन कर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले वापस जा रहे थे बोलेरो की रफ्तार तेज थी और जैसे ही वाहन लालपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी जिससे यह हादसा हो गया और हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए टक्कर लगने के बाद बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटा जिससे उसमें सवार आठों श्रद्धालु घायल हो गए।
धान कटाई के लिए जल्दी घर लौटना बना हादसे का कारण
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार ग्रामीण धान कटाई के लिए जल्दी घर पहुंचने की जल्दबाजी में थे इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तत्काल घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
ये भी पढ़ें- सतना की बेटी प्रिया का डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन, MPPSC परीक्षा में हासिल की प्रदेश में छठवीं रैंक
पुलिस और 108 ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है और मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बोलेरो वाहन को जब्त कर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
घायलों की स्थिति
सभी घायलों का इलाज सतना जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।