उत्तर से चल रही हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से प्रदेश में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। जहां पचमढ़ी में पारा शून्य से नीचे चला गया था, वहीं सोमवार रात को पारा 3.2 डिग्री की उछाल के साथ 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि नौगांव इलाके में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री पर बना हुआ है। हालांकि प्रदेश में एक-दो दिन सर्दी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।
प्रदेश के सभी जिलों के न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे है। होशंगाबाद में ठंड से सबसे ज्यादा राहत है। यहां का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री पर बना हुआ है। मौसम जानकारों के मुताबिक सोमवार को अच्छी धूप निकलने के साथ ही दिन में हवाओं की रफ्तार मंद पड़ने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। एक-दो दिन के बाद ठंड से और राहत मिलेगी। 22 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से हवाओं का रूख बदलने पर रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। इससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार प्रदेश के इन इलाकों में मिनिमम टेंपरेचर पांच डिग्री से कम बना रहा। आंकड़ों की बात करें तो नौगांव में 1.3 डिग्री, उमरिया 2.1, ग्वालियर-पचमढ़ी 2.2, खजुराहो 2.4, रायसेन 3.0, मंडला 3.1, रीवा 3.8, दतिया 4.3, खरगोन 4.4, सतना 4.6, टीकमगढ़ में 4.7 रहा। बड़े शहरों में भोपाल का न्यूनतम तापमान 5.8, इंदौर में 8.4, जबलपुर में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो अगले 24 घंटे भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, मंडला, बैतूल, रायसेन, सीहोर, धार, उज्जैन, शाजापुर और दतिया में ठंड का अत्यधिक प्रभाव रहेगा।
अगले 24 घंटों के मौसम का अनुमान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सतना, रीवा, सागर, भोपाल, खंडवा, खरगौन, रतलाम, दतिया में शीतलहर तथा उमरिया, खजुराहो, नौगांव, सिवनी, ग्वालियर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। सीधी, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन में शीतलदिन रहा। नरसिंहपुर, सिवनी, धार, खंडवा, खरगौन में तीव्र शीतलदिन रहा।
अगले 24 घंटों की बात करें तो उमरिया, सागर, छतरपुर, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, खंडवा, खरगौन, ग्वालियर, सिवनी जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर रहेगी। नरसिंहपुर, खंडवा, खरगौन, धार, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सिवनी, सीधी, सिंगरौली, नीमच, मंदसौर जिलों में कहीं-कहीं शीतलदिन रहने की संभावना है। उमरिया, छतरपुर, रायसेन, ग्वालियर जिलों के कुछ इलाकों में पाला भी पड़ सकता है।