केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का स्वागत करते भोपाल बीजेपी जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर में महिला मोर्चा का तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इसमें भाग लेने के लिए रविवार को भोपाल पहुंचीं। राजा भोज एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया।
सीहोर में बीजेपी राष्ट्रीय महिला मोर्चा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में देशभर से महिला मोर्चा से जुड़े महिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। इसके तहत ही स्मृति ईरानी भी भोपाल और सीहोर प्रवास पर हैं। स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करेंगी। एयरपोर्ट पर स्मृति ईरानी भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात करने के बाद सीहोर रवाना हो गईं।
तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन शनिवार को पार्टी के संगठक वी सतीश ने कहा कि संगठन में निस्वार्थ भावना से कार्य करना चाहिए, इससे निपुणता आती है। भले ही कुल जनसंख्या का लगभग 50 प्रतिशत भाग महिलाओं का है, लेकिन समाज में शांति एवं सदाचार स्थापित करने में उनका योगदान इससे कहीं ज्यादा है। महिलाओं के पास कुछ ऐसी ईश्वरीय शक्तियां हैं, जो आमतौर पर पुरुषों में नहीं पाई जातीं और इन्ही शक्तियों एवं अपने कार्यकौशल की बदौलत आज समाज में आगे आकर बहनों ने अपना एक सर्वमान्य एवं सम्माननीय स्थान बनाया है। हर हाथ को काम, हर खेत को पानी जैसे विचारों पर चलकर ही देश आगे बढ सकता है।
केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने भारतीय जनता पार्टी की महिला सशक्तिकरण में योगदान का विषय रखा और विभिन्न प्रकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि घरेलू महिलाओं को उद्योग से कैसे जोड़ा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कविता यही समय है, सही समय है के साथ समापन किया।
भारतीय महिला कानून की विशेषज्ञ मोनिका अरोरा ने भारतीय महिला कानून विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं कैसे न्याय पाने के लिए लड़ाई लड़ सकती हैं।
यूजीसी की सदस्य सुषमा यादव ने राष्ट्रीय निर्माण में महिलाओं के योगदान की बात कहते हुए कहा कि राष्ट्रीय निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका है।