मुरैना जिले में एक इनामी डकैत के नाबालिग लड़की से शादी करने के लिए उसके परिजनों से मारपीट का मामला सामने आया है। डकैत ने शादी से इनकार करने पर नाबालिग के माता-पिता को पीटा और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही गांव में दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग भी की।
दरअसल मामला मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के स्याही टेक गांव का है। अधेड़ उम्र के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर को गोपाल सिंह गुर्जर की 17 साल की बेटी पसंद आ गई और उसने परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। चम्बल में आतंक का पर्याय बने 15 हजार रुपये का इनामी डकैत मंगलवार रात करीब 1:30 बजे अपने 4-5 साथियों को लेकर गोपाल गुर्जर के घर पहुंचा और उसकी बेटी से शादी करने की बात कही। घरवालों के शादी करने से मना करने पर डकैत ने अपने साथियों के साथ मिलकर लात-घूसों से मारपीट की। परिजनों ने अगले दिन ग्रामीणों के साथ थाने जाकर मामले की जानकारी दी। शिकायत पर पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज कर इनामी डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
बता दें कल्ली गुर्जर, गुड्डा गुर्जर की गैंग का सदस्य है। उस पर मध्य प्रदेश पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, गुड्डा गुर्जर ग्वालियर-चंबल संभाग में अपने आतंक के लिए जाना जाता है। उस पर हत्या, लूट और अपहरण समेत करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। मध्य प्रदेश व राजस्थान सरकार ने गुड्डा पर 60 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।