मध्य प्रदेश के निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने शुक्रवार को पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी। तीन चरणों में पंचायतों के मतदान होंगे। पहला चरण 25 जून, दूसरा चरण एक जुलाई और तीसरा चरण आठ जुलाई को होगा। जिन चुनावों के लिए मतगणना विकासखंड मुख्यालयों पर होनी है, वह पहले चरण की 28 जून को, दूसरे चरण की चार जुलाई को और तीसरे चरण की 11 जुलाई को होगी। पंच, सरपंच, जनपद पंचायत के सदस्यों के चुनाव के नतीजे 14 जुलाई को और जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के नतीजे 15 जुलाई को घोषित होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा के साथ ही पंचायत क्षेत्र के लिए आचार संहिता लागू हो गई है। यह चुनाव के नतीजे आने तक लागू रहेगी। बिना अनुमति के कोई भी सभा, जुलूस, रैली नहीं हो सकेगी। मतदान के 48 घंटे पहले प्रचार बंद हो जाएगा। वोटिंग सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगी। इस बार मतपत्रों के जरिए ही वोटिंग हो रही है। 91 पंचायतों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त होगा, इसलिए वहां चुनाव बाद में होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 30 मई को सभी जिलों के कलेक्टर निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन करेंगे। नामांकन शुरू हो जाएंगे। तीन चरणों में चुनाव होंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख छह जून होगी। सात जून को नामांकन पत्रों की समीक्षा होगी। दस जून को तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। इसके बाद प्रतीकों का आवंटन होगा। पांच जिलों में एक चरण में चुनाव होगा। आठ जिलों में दो चरणों में चुनाव होगा। 39 जिलों में तीन चरणों में चुनाव होगा। 14 जुलाई को ब्लॉक मुख्यालय पर पंच, सरपंच, जनपद पंचायत के सदस्यों के चुनावों के नतीजे होंगे। इसी तरह 15 जुलाई को जिला पंचायत सदस्यों के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।
- पहले चरण में 115 जनपद पंचायतें हैं, जिसमें 8,702 ग्राम पंचायतें आती हैं। इस चरण में 27,049 मतदान केंद्र हैं। आवश्यकता पड़ने पर 25 जून को वोटिंग होगी।
- दूसरे चरण में 106 जनपद पंचायतें हैं, जिसमें 7,661 ग्राम पंचायतें आएंगी। इस चरण में 23,988 मतदान केंद्र हैं। आवश्यकता पड़ने पर एक जुलाई को वोटिंग होगी।
- तीसरे चरण में 92 जनपद पंचायतें हैं, जिसमें 6,649 ग्राम पंचायतें आएंगी। इस चरण में 20,606 मतदान केंद्र हैं। आवश्यकता पड़ने पर आठ जुलाई को वोटिंग होगी।
प्रदेश में 3.93 करोड़ मतदाता
10 मई को मतदाता सूची पूरी कर ली गई थी। प्रदेश में कुल 3.93 करोड़ मतदाता है, जिसमें 2.03 करोड़ मतदाता पुरुष और 1.90 करोड़ मतदाता महिलाएं हैं। इन चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए 4.25 लाख लोगों को लगाया जाएगा। पंच के लिए चार सौ रुपये, सरपंच के लिए एक हजार रुपये, जनपद सदस्य के लिए चार हजार और जिला सदस्य के लिए आठ हजार रुपये राशि जमा करनी होगी। पंचायत चुनाव में ऑनलाइन नॉमिनेशन नहीं होगा।